हिमाचल के चंबा जिला मुख्यालय के साथ लगते भड़ियांकोठी गांव में शरारती तत्वों ने सोमवार रात को तीन मोटरसाइकिल और एक स्कूटर को आग लगा दी। जिससे दोपहिया वाहन जलकर राख हो गए हैं।
जानकारी अनुसार रात करीब आठ बजे भड़ियांकोठी गांव में शरारती तत्वों ने गौशाला के निर्माणाधीन भवन में खड़ी तीन मोटरसाइकिल को आग लगाकर राख कर दिया। इसके अलावा गौशाला भवन के बाहर खड़े एक स्कूटर को भी आग लगा दी।
आग को देखकर वहां गांव के लोग इक्ट्ठा हो गए लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय निवासी अशोक कुमार, दिनेश कुमार, विपन कुमार, पंकज कुमार, रोशन लाल, राजेश, मनोज कुमार और सोनू ने बताया कि भड़ियांकोठी में शरारती तत्वों ने सोमवार को रात के समय तीन बाइकों व एक स्कूटर को आग लगाकर राख कर दिया।
इस घटना में करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी वीर बहादुर सिंह ने बताया कि सोमवार को भड़ियांकोठी में शरारती तत्वों ने चार दोपहिया वाहनों को जला दिया है। पुलिस ने प्रभावित लोगों के बयान लेकर करके आगामी छानबीन शुरू कर दी है। जल्द ही घटना के आरोपियों को पुलिस धर दबोचेगी।