15वें वित्तायोग से पंचायतीराज संस्थानों को 327 करोड़ की पहली किस्त प्राप्त हो चुकी है। इससे पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में पांच कार्यों का मॉडल तैयार कर एक वर्ष में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित करेंगे। गुरुवार को पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर ने अनुसंधान केंद्र हिप्पा में राज्य के सभी जिला परिषद अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने एक बीघा योजना के तहत ग्राम स्तर पर स्वयं सहायता समूहों तथा महिला मंडलाें के सहयोग से ग्रामीण स्तर पर लोगों को लाभान्वित किया है। पंचवटी योजना के तहत गांवों में तालाब, बच्चों के खेलने के लिए झूले, युवाओं के लिए खेल मैदान बनाने की योजना कार्यान्वित की जा रही है। निदेशक हिप्पा राखिल काहलों ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। संयुक्त निदेशक राजीव बंसल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी। अतिरिक्त निदेशक ज्योति राणा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।