राज्य निर्वाचन आयोग ने हिमाचल में पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव के लिए तिथि घोषित कर दी है। 256 सीटोें पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए जारी अधिसूचना के अनुसार 29 जुलाई को सुबह 7 से दोपहर बाद 3 बजे तक मतदान होगा। इसी दिन प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों का चुनाव परिणाम भी घोषित हो जाएगा।
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए पड़े वोटों की गणना 30 जुलाई को खंड स्तर पर होगी। उम्मीदवार 11, 12 और 13 जुलाई को अपना नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच-पड़ताल 16 जुलाई को संबंधित रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारी 10 बजे के बाद करेंगे। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 18 जुलाई तय की गई है।
नगर पालिका को छोड़कर प्रदेश के जिन जिलों में जिला परिषद सदस्यों के चुनाव होने हैं, वहां आचार संहिता लागू कर दी गई है। निर्वाचन आयोग के मुताबिक प्रदेश भर में पंचायती राज संस्थाओं में कुल 256 पद खाली चल रहे हैं। ये पद किसी प्रतिनिधि के इस्तीफा देने, किसी के देहांत और अन्य कारणों से रिक्त हैं।
इनमें जिला परिषद सदस्यों के दो, पंचायत समिति के चार, ग्राम पंचायत प्रधान के 12, उपप्रधान के 24 और वार्ड सदस्यों के 214 पद शामिल हैं। जिला परिषद सदस्यों का एक पद कुल्लू और एक पद कांगड़ा में खाली चल रहा है। पंचायत समिति सदस्यों के दो पद कांगड़ा, एक मंडी और एक सोलन मेें रिक्त है।
ग्राम पंचायत प्रधानों के दो पद हमीरपुर, चार कांगड़ा, तीन मंडी, एक शिमला और दो पद सिरमौर में खाली हैं। उपप्रधान का एक पद बिलासपुर, तीन चंबा, तीन हमीरपुर, पांच कांगड़ा, चार मंडी, दो शिमला, तीन सिरमौर, एक सोलन और दो ऊना में रिक्त हैं।
पंचायत सदस्यों के बिलासपुर में पांच, चंबा में 13, हमीरपुर में 16, किन्नौर में 21, कुल्लू में 13, कांगड़ा में 57, लाहौल-स्पीति में दो, मंडी में 32, शिमला में 30, सिरमौर में 6, सोलन में 13 और ऊना में छह पद रिक्त हैं। इन सारे रिक्त पदों पर उप चुनाव करवाए जा रहे हैं।