उपमंडल बड़सर की सकरोह पंचायत में पाकिस्तानी करंसी के चित्र युक्त एक गुब्बारा मिला है। यह गुब्बारा आसमान से उड़ता हुआ सकरोह पंचायत में गिरा। पाकिस्तानी करंसी वाला गुब्बारा मिलने पर गांव के लोगों ने तुरंत पुलिस चौकी बिझड़ी को सूचित किया।
सूचना पाकर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा गुब्बारे को कब्जे में ले लिया। कयास लगाए जा रहे हैं कि हो सकता है कि 14 अगस्त को पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इसे आसमान में उड़ाया गया हो।
हीलियम गैस भरी होने के बाद ऐसे गुब्बारे काफी दूर पहुंच जाते हैं। गुब्बारे के साथ किसी भी प्रकार का ट्रांसमीटर नहीं पाया गया है। डीएसपी बड़सर जसवीर ठाकुर ने कहा कि गुब्बारे को कब्जे में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में गुब्बारे के साथ कोई भी संदिग्ध वस्तु जुड़ी नहीं पाई गई है।