शिमला। ऐतिहासिक गेयटी थियेटर के टेवरन हॉल में शुक्रवार को तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी शुरू हो गई। इसमें पंजाब, हरियाणा और हिमाचल की छह महिला कलाकारों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मक सोच को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया। 29 नवंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में विभिन्न विषयों, रंगों, शैलियों और कल्पनाओं से सजी कलाकृतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
विज्ञापन
किसी कलाकृति में पारंपरिक संस्कृति और विरासत की झलक दिखाई देती है, तो कहीं आधुनिक सोच और समकालीन जीवन के रंग कैनवास पर उभरते नजर आते हैं। इन चित्रों की कीमत 100 से लेकर 40 हजार रुपये तक निर्धारित की है। इसके अलावा, प्रदर्शनी में हाथों से बनाई गई खुशबूदार मोमबत्तियां भी लोगों को खूब पसंद आ रही हैं। इनकी कीमत 50 रुपये से 400 रुपये तक है।प्रदर्शनी में शुभमदीप कौर, दिव्या सेठी, पल्लवी, संयोजिता ठाकुर, श्यामा शर्मा और सारिका ठाकुर की कलाकृतियां प्रदर्शित की हैं। कलाकार शुभमदीप कौर ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य चित्रों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों की महिला कलाकारों को एक साझा मंच उपलब्ध करवाना है।