अगर आप भी पहाड़ी गाने सुनने के शौकीन हैं तो अब देश-विदेश में कहीं भी कभी भी आप इन्हें सुन सकते हैं। जी हां, हिमाचल और उत्तराखंड के लगभग 500 पहाड़ी लोक गायकों के गाए लोकगीत अब ऑनलाइन सुने जा सकते हैं।
इन्हें संकलित करने का बीड़ा उठाया है तीन युवा भाइयों ने। उन्होंने म्यूजिक हंटर्स नाम से एक वेबसाइट बनाकरी इन्हें उस पर अपलोड किया है। आम लोग इसे डाउनलोड कर सकते हैं। ये www.musichunterz.in वेबसाइट पर हैं।
शिमला जिले की कोटखाई तहसील के युवा भाई गौरव गांगटा, सौरभ गांगटा और अंकित गांगटा ने बताया है कि उनकी वेबसाइट पर अपलोड गीतों को 15 लाख व्यूज यू ट्यूब पर मिल चुके हैं और 23,000 से ज्यादा लोगों ने इन्हें ‘फेसबुक’ पर फालो कर दिया है। म्यूजिक हंटर्स से जुड़ने के लिए फेसबुक और यूट्यूब चैनल को फालो किया जा सकता है।
कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने हिमाचल और उत्तराखंड की लोकगायकी को नया आयाम देने का विचार किया है। लोगों को अब सीडी या डीवीडी खरीदने की जरूरत भी नहीं है। पहाड़ी गीत जो अभी तक डाउनलोड नहीं हुआ करते थे, वे अब हर मोबाइल और कंप्यूटर पर हैं।
इस साइट से हिमाचल में रह रहे लोग तो खूब लाभान्वित हो रहे हैं, वहीं बाहरी राज्यों और विदेशों में रह रहे लोग भी इन गीतों को सुनकर लुत्फ उठा रहे हैं। एक एलबम को मार्केट में लांच करने के लिए हजारों रुपये खर्च हुआ करता थे।
आम कलाकार अपनी प्रतिभा को लोगों तक पहुंचाने में सक्षम नहीं थे। अब वे इस वेबसाइट पर अपने गीत अपलोड करवा रहे हैं। उन्होंने म्यूजिक हंटर्स नाम की एक संस्था भी बनाई है, जो पंजीकृत है। ये आने वाले समय में युवा प्रतिभाशाली कलाकारों को खोजने का काम करेगी।