दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद में अधिक मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी की सब्जी मंडी ढली में बरसाती मटर ने धूम मचा दी है। मंडी में सोमवार को अच्छी क्वालिटी का मटर 210 रुपये प्रति किलो तक बिका। फसल के अच्छे दाम मिलने से किसान मालामाल हो रहे हैं।
मंडी के आढ़तियों के अनुसार ढली मंडी में मटर का सीजन शुरू हो चुका है। मंडी में सोमवार को मटर 100 से 210 रुपये प्रति किलो तक बिका। हालांकि सीजन अभी शुरुआती चरण में है। इसके चलते रोजाना अभी 50 से 60 बोरियां ही पहुंच रही हैं। बाहरी राज्यों में पहाड़ी मटर की मांग काफी तेज है।
आढ़तियों ने बताया कि मंडी जिले के करसोग और आसपास के क्षेत्रों से मटर आना शुरू हो गया है। इसके अलावा ढली में फ्रांसबीन 40 से 70 रुपये प्रति किलो, बंदगोभी 10 से 13 रुपये प्रति किलो, पहाड़ी आलू 20 से 22 रुपये प्रति किलो और शिमला मिर्च 30 से 40 रुपये प्रति किलो तक बिकी। हालांकि सोमवार को सब्जियों की आवक कम रही। इसके कारण भी दामों में कुछ ज्यादा उछाल आया है।
आढ़तियों का कहना है कि मंडी से अभी दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद, गुजरात और कई अन्य बड़े शहरों में सब्जियों की सप्लाई जा रही है। मंडी आढ़ती एसोसिएशन के सचिव बिट्टु वर्मा ने बताया कि किसानों को मटर के अच्छे दाम मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल सीजन शुरू हुआ है और बड़े शहरों में मांग अधिक है। ऐसे में आने वाले दिनों में दामों के मजबूत रहने की उम्मीद है।