आईटीआई की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में विजेता टीमें।
- फोटो : संवाद
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शिमला राज्यस्तरीय पुरुष वर्ग की एथलीट और सांस्कृतिक प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियन रहा है। जबकि, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कांगड़ा के प्रभात को बेस्ट एथलीट चुना गया। इससे पूर्व हुई लोक नृत्य प्रतियोगिता में आईटीआई कुल्लू प्रथम, किन्नौर द्वितीय और चंबा तृतीय स्थान पर रही। इसके अलावा चंबा चौगान में आयोजित हुई 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में कांगड़ा के प्रभात ने पहला, कांगड़ा के राहुल ने दूसरा और मंडी के सुरेश ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी तरह 200 मीटर दौड़ में कांगड़ा के प्रभात ने पहला, हमीरपुर के तरूण धीमान ने दूसरा और चंबा के वरूण कपूर ने तीसरा स्थान हासिल किया।
जेवलिन थ्रो में हमीरपुर के शिवा, कांगड़ा के अंकुश राणा और अजय बोध क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। शनिवार को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चंबा में राज्यस्तरीय एथलीट और सांस्कृतिक प्रतियोगिता का समापन हुआ। समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंबा शिवानी मैहला ने शिरकत की। आईटीआई चंबा पहुंचने पर प्रधानाचार्य विपिन शर्मा ने पुष्पगुच्छ देकर मुख्यातिथि का स्वागत किया। इस दाैरान आईटीआई चंबा की महिला प्रशिक्षुओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके बाद मुख्यातिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता और उपविजेता रहे खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।