प्रदेश के ऊना जिला मुख्यालय के पुराना होशियापुर रोड पर लालसिंगी गांव में प्रवासी मजदूरों की करीब सौ झुग्गियां आग की भेंट चढ़ गईं। अग्निकांड में करीब सात लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। अग्निकांड में प्रवासी मजदूरों की नकदी के साथ-साथ, राशन, चारपाई और अन्य घरेलू सामान जल गया।
वीरवार को पूरा दिन चली आंधी के कारण आग और भी भयानक हो गई, जिससे मौके पर पहुंचे दमकल कर्मचारियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। कई प्रवासी श्रमिकों और उनके बच्चों ने भाग कर जान बचाई।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर करीब डेढ़ बजे लालसिंगी स्थित प्रवासी मजदूरों की झुग्गियों में अचानक आग की लपटें निकलने लगीं।