हमीरपुर में होगी अंडर-19 और ओवर वर्ग की प्रतियोगिता संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन ने अंडर-19 और ओपन वर्ग की राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता की तिथियों की घोषणा कर दी है। यह प्रतियोगिता 5 से 8 अगस्त तक हमीरपुर जिले के नादौन में होगी। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 12 जिलों के करीब 200 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
हिमाचल प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव रमेश ठाकुर ने बताया कि चार दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता में सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स स्पर्धाओं के मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसमें शिमला, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर जिलों के खिलाड़ी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि विभिन्न वर्गों के मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।