डॉक्टरों का हड़ताल का एलान, जिले में भी बंद रहेगी सेवा अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। डॉक्टर की बर्खास्तगी से खफा हिमाचल मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन ने भी आरडीए का समर्थन करते हुए शनिवार से हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। इससे शनिवार को आईजीएमसी, डीडीयू अस्पताल और केएनएच में ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी।
अस्पतालों में सुरक्षा इंतजाम कड़े कर चिकित्सकों को सुरक्षित माहौल प्रदान करने की मांग भी दोनों एसोसिएशन कर रही हैं। डॉक्टर शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। आईजीएमसी में रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे, वहीं प्राथमिक, सामुदायिक, जिला और क्षेत्रीय अस्पतालों में तैनात मेडिकल ऑफिसर भी काम नहीं करेंगे। मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन के अध्यक्ष डाॅ. विकास ठाकुर ने कहा कि मेडिकल ऑफिसर सिर्फ आपातकालीन सेवाएं देंगे, ओपीडी में सेवाएं नहीं देंगे। एक साथ आरडीए और मेडिकल ऑफिसर के हड़ताल पर जाने से आम लोगों की परेशानी शनिवार को और बढ़ेगी।
आईजीएमसी में रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का आईजीएमसी की फैकल्टी के संगठन सेमडिकोट ने समर्थन किया है। सेमडिकोट की जनरल बॉडी मीटिंग में यह फैसला लिया गया है। आरडीए की ओर से जारी बयान के मुताबिक आरडीए के हड़ताल पर जाने से नियमित सेवाओं को सुचारू रूप से चलाने में मुश्किल होगी। इस अवधि में सभी आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी। आपातकालीन मरीज और जो मरीज पहले से अस्पताल में दाखिल हैं उनको उपचार मिलेगा उन्हें किसी तरह की असुविधा नहीं होगी। सेमडीकोट अनिश्चितकालीन हड़ताल के संबंध में आगे की रणनीति पर सोमवार को फैसला लेगी। सेमडिकोट के पदाधिकारियों ने सरकार से मांग की है कि मारपीट के इस मामले में निष्पक्ष जांच करें और डॉ. राघव निरुला की बर्खास्तगी के आदेश को तत्काल प्रभाव से रद्द करें। इसके साथ अस्पताल परिसर में हुड़दंग मचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। आईजीएमसी और कमला नेहरू अस्पताल में आपातकालीन सेवाएं और इंडोर मरीजों को नियमित सेवाएं मिलेंगी। लेकिन ओपीडी में कंसल्टेंट उपलब्ध होंगे या नहीं यह साफ नहीं किया है।