विधानसभा चुनाव के डोर टू डोर प्रचार के लिए प्रत्याशी पांच से अधिक लोग नहीं ले जा सकते। यह बात बुधवार को विली पार्क में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा को लेकर आयोजित बैठक में अधिकारियों ने कही। बैठक में सामान्य पर्यवेक्षक पंधारी यादव, भावना गर्ग, राज कुमार यादव, पी श्रीजीत, अजहर जैन, अखिलेश गुप्ता और सुनील किसन अगावने मौजूद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी आदित्य नेगी और एसपी डॉ. मोनिका ने भी बैठक में शिरकत की। पर्यवेक्षकों ने चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन, शराब और नकदी की जब्ती, ईवीएम तथा अन्य चुनावी सामग्री को लाने और ले जाने बारे अधिकारियों के साथ चर्चा की। उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने बताया कि ईवीएम की दो चरण की छंटनी हो चुकी है। मतदान की प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मॉक पोल, ईवीएम तथा वीवीपैट मशीन से संबंधित प्रशिक्षण दे दिया है।
चुनाव पर्यवेक्षकों ने गाड़ियों की चेकिंग का पूरा रिकॉर्ड रखने और उड़न दस्तों को भी फील्ड में उतारे जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डोर टू डोर प्रचार में प्रत्याशी को अपने साथ पांच से अधिक समर्थक लेकर जाने की अनुमति नहीं होती। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों को इस बात की जानकारी दे दी। डीसी आदित्य नेगी ने कहा कि जल्द ही प्रत्याशियों के साथ बैठक कर उन्हें इस बात की जानकारी दे दी जाएगी।
सी विजिल पर अब तक मिलीं 36 शिकायतें
शिमला। जिला निर्वाचन अधिकारी आदित्य नेगी ने बताया कि सी विजिल पर जिला शिमला से 36 शिकायतें मिली हैं। इनमें से सभी का निपटारा कर दिया है। जिला शिमला में मतदाताओं की सुविधा के लिए 1044 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बैठक में एडीसी शिवम प्रताप सिंह, एडीएम कानून व्यवस्था राहुल चौहान, एडीएम प्रोटोकॉल सचिन कंवल, पीओ डीआरडीए सुरजीत और निर्वाचन तहसीलदार राजेंद्र शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।