विक्रय स्थल पर पानी और रेत का करना होगा बंदोबस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। दीपावली पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी के मद्देनजर प्रशासन ने नगर निगम क्षेत्र में पटाखों और आतिशबाजी की बिक्री के लिए 14 स्थलों का चयन किया है।
जिला दंडाधिकारी आदित्य नेगी ने बताया कि पटाखों और अन्य आतिशबाजी की बिक्री के लिए आइस स्केटिंग रिंक, बालूगंज मैदान (गोपाल मंदिर के सामने), संजौली में छोटा शिमला की ओर लोक निर्माण विभाग पार्किंग के पीछे, खलीनी बाइपास नजदीक त्रिलोक चंद दुकान, समरहिल मैदान, छोटा शिमला से कसुम्पटी की ओर खुले क्षेत्र में सड़क के किनारे, फागली स्कूल के नजदीक खुले मैदान को चिह्नित किया हैै।
विज्ञापन
इसके अलावा भट्ठाकुफर स्कूल मैदान, न्यू शिमला बस अड्डा के नजदीक सेक्टर-6 कंगनाधार, मशोबरा में तलाई मंदिर मैदान, विकासनगर पुलिस चौकी के नजदीक, शोघी में प्राथमिक पाठशाला मैदान, कसुम्पटी में रानी मैदान और विजय नगर टुटू में नालागढ़ रोड मैदान का चयन किया है।
उन्होंने एमसी और लोनिवि को पटाखों एवं आतिशबाजी की बिक्री के लिए शिमला क्षेत्र के सभी चिह्नत स्थानों तथा स्टॉल की निशानदेही करने, आगजनी की घटना से बचने के लिए पानी तथा रेत के बैग की व्यवस्था और अग्निशमन विभाग फायर को फाइटिंग सिस्टम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि यह आदेश 5 से 12 नवंबर तक लागू रहेंगे। पुलिस अधीक्षक इन आदेशों का अनुपालन करवाना सुनिश्चित करेंगे।
एमसी क्षेत्र में खुले पटाखों की बिक्री रहेगी रोक
डीसी आदित्य नेगी ने नगर निगम क्षेत्र में खुले में पटाखों की बिक्री पर रोक लगा दी है। कहा कि सिर्फ चिह्नित स्थानों पर ही पटाखेे बेचे जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पटाखों से आग लगने के खतरे को देखते हुए यह आदेश जारी किए हैं।