देश के बड़े मंदिरों की तर्ज पर अब राजधानी शिमला के दो प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालु ऑनलाइन चढ़ावा भी चढ़ा सकेंगे। संकट मोचन और तारादेवी मंदिर में चढ़ावा चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं को यह सुविधा मिलेगी। रविवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह संकट मोचन और तारादेवी मंदिर की वेबसाइट लांच करेंगे।
वेबसाइट में दिए लिंक पर बैंक अकाउंट की डिटेल डालकर चढ़ावा चढ़ाया जा सकेगा। रविवार को मुख्यमंत्री तारादेवी मंदिर के लिए बनाए मास्टर प्लान का उद्घाटन भी करेंगे। तीन साल में पूरे होने वाले इस मास्टर प्लान के तहत तारादेवी मंदिर का कायाकल्प किया जाएगा। एसडीएम शिमला ग्रामीण जीएस नेगी ने बताया कि मास्टर प्लान के तहत गर्भ गृह को छोड़कर मुख्य मंदिर का पुनर्निर्माण किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त मंदिर परिसर में आधुनिक पार्क का निर्माण किया जाएगा। मंदिर पहुंचने वाली सड़क पर पहाड़ी शैली में मंदिर का मुख्य द्वार बनाया जाएगा। भू सौंदर्यीकरण योजना के तहत मंदिर के आसपास 33 बीघा जमीन पर फूल लगाए जाएंगे। शारीरिक रूप से अक्षम लोगों को सड़क से मंदिर पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न झेलनी पड़े इसके लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाएगा।
प्लान के तहत निर्माण कार्य पूरा होने के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए दस सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। रविवार को मुख्यमंत्री संकट मोचन मंदिर में बनाए गए पहाड़ी शैली के गेट का भी लोकार्पण करेंगे।