विद्यार्थियों को 10-10 हजार(सांकेतिक)
- फोटो : सोशल मीडिया
इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में सत्र 2020-21 के लिए विद्यार्थी सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थी ई-एमआईएएस पोर्टल पर पंजीकरण करवा सकते हैं। प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त सरकारी और निजी स्कूलों में छठी से दसवीं कक्षा तक विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। चयनित विद्यार्थियों को 10,000 रुपये दिए जाएंगे। योजना का मकसद विद्यार्थियों में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रति जागरूकता और उनमें वैज्ञानिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। चयनित विद्यार्थियों के बैंक खातों में उनके मॉडल के लिए दस-दस हजार रुपये भी डाले जाएंगे, जिससे उन्हें मॉडल तैयार करने में सहायता मिलेगी।
इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के संबंध में उच्च शिक्षा उपनिदेशक सोलन ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों को पत्र जारी कर दिया है। स्कूल प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि छात्र हित में इस योजना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। छठी से दसवीं तक कक्षाएं संचालित करने वाले स्कूल अपना नामांकन ई-एमआईएएस वेब पोर्टल पर पंजीकरण करवा सकते हैं। योजना में केवल ऑनलाइन नामांकन ही स्वीकार किए जाते हैं। इंस्पायर अवार्ड योजना के सोलन के नोडल अधिकारी राजकुमार पराशर ने बताया कि कोई भी प्राइवेट और सरकारी विद्यालय छठी से दसवीं तक प्रत्येक कक्षा से एक-एक मेधावी विद्यार्थी को नामांकित कर सकता है। उधर, उपनिदेशक उच्च शिक्षा जिला सोलन डॉ. जगदीश नेगी ने बताया कि सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 30 सितंबर तक नामांकन भरने के निर्देश जारी कर दिए हैं।