भाजपा वरिष्ठ नेता एवं सांसद शांता कुमार
शिमला के कोटखाई में दसवीं की छात्रा के साथ हुए दुराचार और उसकी हत्या को लेकर सांसद शांता कुमार ने प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी सरकार कुछ नहीं कर पाई है, जबकि दरिंदों को पकड़ने के लिए इनाम घोषित करना चाहिए था।
इस घटना ने प्रदेश को शर्मसार किया है। उन्होंने कहा कि छात्रा के साथ दरिंदगी करने वालों का सुराग देने वालों को वह अपनी ओर से एक लाख रुपये का नकद इनाम देंगे। शांता कुमार पालमपुर में भारतीय जनसेवा संस्था के समारोह में बोल रहे थे।
छात्रा से दुराचार और हत्या के मामले में 15 से पूछताछ
कोटखाई क्षेत्र में दसवीं की छात्रा से दुराचार और हत्या के मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने हाथ पांव मारने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने शक के आधार पर करीब 15 लोगों से पूछताछ की है। इनमें स्थानीय और नेपाली मूल के लोग शामिल हैं।
एसपी शिमला और ठियोग के डीएसपी टीम के साथ मौके पर छानबीन में जुटे हुए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है, जो सोमवार तक पहुंच जाएगी। मामले की तह तक जाने के लिए कुछ फोन सर्विलांस पर लगाए गए हैं।
जुन्गा लैब के विशेषज्ञों से मदद ली जा रही है। बिसरा भी जुन्गा लैब भेजा गया है। घटनास्थल से बरामद शराब की खाली बोतलों से फिंगर प्रिंट लिए गए हैं। एएसआई दीप चंद के अनुसार अभी तक करीब 15 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है।