हमीरपुर जिले के पुलिस थाना बड़सर के अंतर्गत एक तीखे मोड़ पर एक कार खड़े ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मौके पर पहुंच चालक के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे ऊना नेरचौक हाईवे में सरोह पिपलू संपर्क सड़क के पास एक तीखे मोड़ पर एक कार मोड़ पर खड़े टैंपो से टकरा गई।
कार में चार व्यक्ति सवार थे। हादसे में दो लोगों को गंभीर चोटें आईं हैं। दोनों घायलों को बड़सर अस्पताल में पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सक ने जांच के बाद एक घायल अनिल कुमार (40) पुत्र प्रेम चंद निवासी गांव लोहाणी, बड़सर को गंभीर हालत में पीजीआई रेफर कर दिया लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
वहीं अमरजीत उर्फ राकेश पुत्र ओम प्रकाश निवासी गांव खुंगण गलोड़ और मंजीत कुमार पुत्र मंसा राम निवासी बिरसवीं को चोटें आईं हैं। बड़सर पुलिस ने चालक कुलविंद्र कुमार पुत्र धर्मपाल निवासी जिला गुरदासपुर पंजाब के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर कार
चालक को गिरफ्तार किया है। डीएसपी अशोक कुमार का कहना है कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।