चायल-अश्वनीखड्ड मार्ग पर एक सफारी गाड़ी के खाई में लुढ़क जाने से एक युवक की मौत हो गई है। जबकि गाड़ी में सवार तीन अन्य को चोटें आई हैं। हादसे के बाद 108 एंबुलेंस से घायलों को सोलन अस्पताल लाया गया। जहां एक युवक ने दम तोड़ दिया। अन्य तीनों घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में यह साफ नहीं हो पाया है कि गाड़ी कौन चला रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसा रविवार दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। चारों युवक सोलन से चायल वाया अश्वनी खड्ड होकर घूमने जा रहे थे। बड़ा मोड के पास वह रास्ता भूल गए। हादसे के ठीक पहले स्थानीय लोगों से पूछते हुए वे चायल के रास्ते में पहुंचे।
थोड़ी दूरी पर ही हादसा हो गया। गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। ग्रामीण ने इसकी सूचना 108 और पुलिस को दी। खाई से चारों घायलों को बाहर निकाला गया। इन्हें क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया। जहां पर एक युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान परमिंद्र उम्र 25 के रूप में की है।
मृतक कंडाघाट का बताया जा रहा है, जो निजी कंपनी में कार्यरत था। जबकि सोलन चौक बाजार से रजत 21 वर्ष, सोलन सरकुलर रोड से दीपक 24 वर्ष, सोलन चौक बाजार के अभिमन्यु 26 वर्ष घायल हुए हैं। घायल सभी सोलन में कारोबारियों के बेटे हैं। उधर, एसपी सोलन अंजुम आरा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।