उपमंडल शिलाई में हुए कार हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिलाई में उपचार के लिए भर्ती किया गया है। उधर, स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार हादसा शिलाई से लगभग 30 किलोमीटर दूर टिंबी-क्यारी-गुंडाह संपर्क मार्ग पर शाम करीब पौने आठ बजे हुआ। पिंजवान के समीप एक अप्लाई फॉर ऑल्टो कार गहरी 100 मीटर खाई में गिर गई।
हादसे के वक्त कार में तीन लोग सवार थे। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार चालक ने पिंजवान के निकट गाड़ी से संतुलन खो दिया। हादसे में गताधार क्षेत्र के विनय उर्फ विनोद की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि कार में सवार इसी क्षेत्र की सौदा देवी (47) और शलिया निवासी अमन (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की मदद से घायलों को सड़क तक लाया गया और 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। डीएसपी पांवटा साहिब सोमदत्त ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस मौके पर जांच में जुट गई है।