अटल बिहारी वाजपेयी क्रिकेट स्टेडियम नादौन में ओमान और हिमाचल की टीम के बीच तीन दिवसीय अभ्यास मैच सीरीज शुरू हो गई है। ओमान टीम के कोच पूर्व श्रीलंकन खिलाड़ी दलीप मेंडिस ने नादौन और धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम की जमकर तारीफ की।
उन्होंने कहा कि वे भारत में बहुत घूमे हैं, लेकिन नादौन और धर्मशाला के स्टेडियम अत्यंत खूबसूरत हैं। उन्होंने नादौन स्टेडियम की आउट फील्ड और पिच की सराहना करते कहा कि क्रिकेट के लिए यहां का वातावरण बहुत अनुकूल है। उन्होंने बताया कि वे धर्मशाला पहली बार ही आए हैं।
ओमान टीम की चर्चा करते उन्होंने बताया कि वे टीम के खिलाड़ियों को यहां के वातावरण से अवगत करवाना चाहते थे। दो वर्षों से टीम को प्रशिक्षित कर रहे मेंडिस ने बताया कि ओमान की टीम के नौ खिलाड़ी पाकिस्तान से, पांच खिलाड़ी भारत से और एक खिलाड़ी ओमान से है।
2007 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रवेश पाने वाली इस टीम के बारे में उन्होंने बताया कि इस टीम के स्पिन गेंदबाजी के कोच सुनील जोशी और तेज गेंदबाजी के कोच रमेश रत्नायके हैं। ओमान की टीम बांग्लादेश, आयरलैंड और नीदरलैंड
की टीमों के साथ क्वालिफायर मुकाबला अगर जीतती है तो एशिया कप में भाग लेने के लिए ढाका जाएगी। उन्होंने हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन का विशेष तौर पर आभार व्यक्त किया।