जिले में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। लगातार दूसरे दिन मंगलवार रात अमलैहड़ की एक 82 वर्षीय महिला की मोहाली के अस्पताल में स्वाइन फ्लू से मौत हो गई।
अब तक जिले के चार लोगों की स्वाइन फ्लू से मौत हो चुकी है। ऊना में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को संपर्क में रहे लोगों के जांच की। हालांकि इनमें स्वाइन फ्लू जैसे कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले दिनों अमलैहड़ सुंकाली की एक बुजुर्ग महिला तबीयत खराब होने पर उन्हें होशियारपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर उसकी हालात गंभीर हो गई। इसके बाद उन्हें मोहाली के एक अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां टेस्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई।
इसके बाद मंगलवार रात महिला की मौत हो गई है। इस बारे में ऊना के सीएमओ डॉ. रमन ने कहा कि अमलैहड़ निवासी महिला की स्वाइन फ्लू से मौत हुई है। उन्होंने कहा कि विभाग स्वाइन फ्लू को लेकर पूरी तरह से सतर्क है। विभाग द्वारा पहले ही उसके संपर्क में रहे लोगों की स्वास्थ्य जांच को किया गया है।