फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पहाड़ पर फिर होगा क्रिकेट का रोमांच, धर्मशाला में वन डे मैच

Wed, 28 Sep 2016 10:23 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, धर्मशाला
विज्ञापन
विज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 16 अक्तूबर को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले वन डे मैच के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। पहाड़ पर क्रिकेट के रोमांच के लिए अभी से तैयारियों शुरू कर दी गई हैं। मैच की सफल मेजबानी के लिए उपायुक्त सीपी वर्मा की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक का आयोजन किया गया।
विज्ञापन


डीसी ने कानून, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत, शहर की साफ-सफाई तथा अग्निशमन सेवाओं आदि सहित अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। संबंधित विभागों को मैच के आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस विभाग को कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को धर्मशाला के आसपास के क्षेत्र में मरम्मत योग्य सड़कों का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही बिजली बोर्ड एवं नगर निगम धर्मशाला को क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों का मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

पानी, सफाई, पार्किंग की बेहतर व्यवस्था करने को कहा

सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ के सहयोग से स्टेडियम की बाहरी परिधि में दर्शकों के लिए स्वच्छ पेयजल की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को मैच के आयोजन के दौरान धर्मशाला शहर और क्रिकेट मैदान के आसपास के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था के बेहतर प्रबंधन के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने कहा कि मैच के दौरान वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थलों की नंबरिंग करके दिशा सूचक रंगीन बोर्ड लगाए जाएंगे।

लोगों की सुविधा के लिए निकासी गेटों से पार्किंग स्थलों तक दिशा सूचक रंगीन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। पार्किंग स्थल से क्रिकेट मैदान तक लाने के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मशाला को आवश्यकता अनुसार बसों की तैनाती के निर्देश दिए। वर्मा ने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को स्टेडियम में अग्नि संबंधी आपातकालीन प्रबंधों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी धर्मशाला को मैचों के आयोजन के दौरान अस्पताल में एक विशेष वार्ड और डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। मैच के दौरान टांडा अस्पताल में भी विशेष वार्ड का प्रबंध किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, मैच के दौरान सभी प्रकार की आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित आपातकालीन वाहन की क्रिकेट मैदान में तैनाती सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए।

ये रहे मौजूद   
बैठक में एडीसी राकेश शर्मा, एडीएम बलबीर ठाकुर, एसडीएम श्रवण मांटा, एसी टू डीसी शशि पाल नेगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी और हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ धर्मशाला के पदाधिकारी संजय शर्मा उपस्थित थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें