मृतक छात्रा की उम्र करीब बीस साल बताई जा रही है, जो अपनी बुआ के घर आई हुई थी।
शिमला शहर के थाना ढली के तहत एक नर्सिंग कालेज की प्रशिक्षु परिचारिका की बहुमंजिला भवन से गिर जाने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद नर्सिंग छात्रा को आईजीएमसी लाया गया, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार दोपहर करीब एक बजे हुई।
एक भवन की पांचवीं मंजिल की बालकनी से अचानक नर्सिंग छात्रा गिर गई। वह उस समय खिड़की बंद कर रही थी। मृतक छात्रा की उम्र करीब बीस साल बताई जा रही है, जो अपनी बुआ के घर आई हुई थी। घटना के बाद परिजनों और पड़ोसियों ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी, और उसे उपचार के लिए आईजीएमसी पहुचाने की व्यवस्था की। आईजीएमसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर प्रारंभिक जांच भी शुरू कर दी है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक यह एक दुर्घटना का ही मामला लग रहा है, जिसमें छात्रा पैर फिसलने के कारण गिरी लग रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक छात्रा और उसके बीमार पिता बुआ के घर थे, एक बजे वह अपने पिता से भी मिली थी, परिजनों के दर्ज ब्यान के मुताबिक जैसे ही वह खिड़की बंद करने गई वैसे ही वह फिसल कर गिर गई।