जिला प्रशासन के दर धरना-प्रदर्शन और नाक रगड़ने के बाद भी न्याय से वंचित रहे नूरपुर स्कूल बस हादसे के पीड़ितों ने सोमवार को उस समय मौन जलूस निकाला, जिस दौरान सीएम सभा को संबोधित कर रहे थे।
हालांकि यह मौन जलूस सीएम के सभा स्थल तक तो नहीं पहुंचा, लेकिन मौन रहकर भी उन्होंने जिला प्रशासन की व्यवस्था पर प्रहार किया। इस दौरान न तो उन्होंने सीएम और जिला प्रशासन के खिलाफ कोई नारेबाजी की और न ही सीएम के सभा स्थल तक जाने का प्रयास किया।
वहीं इस दौरान मृतक बच्चों के परिजनों में से विक्रम कटोच ने कहा कि चेली के दर्दनाक हादसे को हुए आठ माह बीत गए हैं, लेकिन अभी तक सरकार की जांच में उस हादसे के कसूरवार को पकड़ा नहीं गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नूरपुर दौरे के दौरान बच्चों के परिजन इस मौन जलूस से रोषस्वरूप यह जताने का प्रयास कर रहे हैं कि उन्हें इंसाफ कब मिलेगा।उन्होंने कहा कि वे जिला प्रशासन के दर पर नाक तक रगड़ चुके हैं, लेकिन न्याय आज तक नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि परिजनों ने विरोध स्वरूप अस्पताल पहुंचकर मृत बच्चों की फोटो के समक्ष जहां कैंडल जलाए, वहीं नूरपुर बस अड्डे तक कैंडल मार्च भी किया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चेली हादसे में मृतक बच्चों के परिजनों को इंसाफ नहीं मिला तो आने वाले समय में यह मौन जलूस उग्र रूप भी धारण कर सकता है। वहीं इस दौरान समाजसेवी संजय शर्मा भी मौजूद रहे।