आईपीपीबी के माध्यम से उपभोक्ता किसी भी बैंक खाते की राशि डाकघर में ले सकेंगे, यह सुविधा आईपीपीबी ने शुरू कर दी है। खास बात है कि खाताधारक को अपना बैंक खाता नंबर भी बताने की जरूरत नहीं होगी। उपभोक्ता का बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए। गुरुवार को डाक विभाग ऊना मंडल के डाक अधीक्षक रामतीर्थ शर्मा ने एक कार्यक्रम में बताया कि आईपीपीबी बहुत सुविधाजनक एवं पेपरलेस सुविधा है। कोई फार्म भरने अथवा उपभोक्ता को साइन करने का भी झंझट नहीं।
कहा कि प्रदेश में ऊना मंडल बेहतर सेवाओं के मामले में अव्वल नंबर पर है। उन्होंने सुकन्या समृद्धि खातों को बेटियों के सुरक्षित भविष्य के बहुत उपयोगी बताया। उन्होंने ग्रामीण डाक कर्मियों को ग्रामीण डाक जीवन बीमा, सुकन्या समृद्धि योजना, आईपीपीबी जैसी योजनाओं को बढ़िया ढंग से लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। कई ग्रामीण शाखा डाकपालों को डाक अधीक्षक ने उनके बेहतर कार्य के लिए सम्मानित भी किया। इस मौके पर डाक निरीक्षक बलवीर चंद, आईपीपीबी के क्षेत्रीय प्रबंधक शैलीन, रजनीश कुमार, डाक पर्यवेक्षक जोगिंदर लाल, रामनाथ मौजूद रहे।