शिमला में बढ़ने लगी पीने के पानी की समस्या।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राजधानी के कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति चौथे दिन में पहुंच गई है। बिजली कट के चलते गिरि पेयजल परियोजना मंगलवार दिन भर ठप रही। इसके चलते शहर के छोटा शिमला जोन के कई टैंक खाली रहे। इस जोन के कई इलाकों में मंगलवार तीसरे दिन भी देर शाम तक पानी नहीं आया।
अब बुधवार को चौथे दिन इनमें पानी की आपूर्ति देने का दावा किया है। छोटा शिमला जोन के कसुम्पटी बाजार, न्यू फ्लावरडेल, विकासनगर, लोअर खलीनी, राजभवन क्षेत्र, निगम विहार, चार्ली विला में मंगलवार को आपूर्ति होनी थी, लेकिन गिरि से पानी की आपूर्ति न मिलने के कारण लोगों को पानी नहीं मिल पाया। उधर, संजौली और सेंट्रल जोन के ज्यादातर वार्डों में पानी की आपूर्ति तो दी गई, लेकिन सप्लाई की टाइमिंग घटाई गई है। पेयजल कंपनी के अनुसार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से गिरि से शहर को पानी नहीं मिल पाया है। बुधवार को आपूर्ति सामान्य रहेगी जिससे शहर के ज्यादातर इलाकों में पानी देने का प्रयास रहेगा। कंपनी के एजीएम पीपी शर्मा का कहना है कि तय शेड्यूल के अनुसार पानी देने का प्रयास किया जा रहा है।
टैंकरों के साथ भर रहे दमकल वाहन
पेयजल कंपनी के पास मंगलवार को 20 टैंकरों की डिमांड पहुंची हैं। कंपनी के अनुसार दिन के समय टैंकरों की जगह दमकल वाहनों में पानी भरना पड़ा है। टूटीकंडी क्षेत्र में भड़की आग को बुझाने के लिए दमकल की आठ गाड़ियों में रिज से पानी भरकर रवाना किया गया। शहर को सभी पेयजल परियोजनाओं से मंगलवार सुबह तक 39.11 एमएलडी पानी मिला है। बुधवार को 35 एमएलडी तक पानी शहर को मिलने की उम्मीद है।