दिवाली से पहले कंपनी ने दी राहत, गिरि से 17 एमएलडी से अधिक आ रहा पानी
क्रॉसर
कंपनी ने स्टोरेज टैंक भरकर रखने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। दिवाली के लिए घरों की साफ सफाई में जुटे शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। शहर के सभी इलाकों में अब रोजाना पानी की सप्लाई दी जाएगी। गिरि पेयजल परियोजना से पंपिंग बढ़ने के बाद कंपनी ने शहर में नियमित सप्लाई शुरू कर दी है।
शहर के ज्यादातर इलाकों में मंगलवार को भी पानी की सप्लाई दी गई। कंपनी के अनुसार गिरि पेयजल परियोजना में आई पंप की खराबी को ठीक कर दिया है। इस परियोजना से अब 17 एमएलडी से अधिक पानी शहर को मिलने लगा है। मंगलवार को सभी परियोजनाओं से शिमला शहर को 46.55 एमएलडी पानी मिला है। इससे पहले सोमवार को भी शहर के लिए 47 एमएलडी से अधिक पानी की सप्लाई मिली थी। कंपनी का कहना है कि कोर एरिया के अलावा अब बाहरी मर्ज इलाकों में भी नियमित सप्लाई देने के निर्देश दिए हैं।
स्टोरेज टैंकों में भी लेवल बनाकर रखने को कहा है। बीते दो हफ्ते से शहर के वीआईपी एरिया में ही रोज पानी मिल रहा था। बालूगंज, घोड़ाचौकी, कच्चीघाटी, टुटीकंडी, कैथू, कनलोग, खलीनी समेत कई इलाकों में तीसरे दिन पानी दिया जा रहा था। कंपनी ने अब दिवाली को लेकर भी फील्ड स्टाफ को दिशा निर्देश जारी किए हैं। दिवाली पर पानी की कमी न रहे, इसके लिए टैंकों को भरने को कहा है। आगजनी जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
रोज देंगे पानी की
सप्लाई : एजीएम
पेयजल कंपनी के एजीएम राजेश कश्यप ने कहा कि शहर में अब रोजाना पानी की सप्लाई दी जाएगी। इसके लिए पंपिंग रोजाना 45 एमएलडी से अधिक करने के निर्देश दे दिए हैं। मंगलवार को भी ज्यादातर इलाकों में पानी दिया है।
यहां जानिए कहां से
कितना पानी मिला
परियोजना कितना पानी
गुम्मा 19.38 एमएलडी
गिरि 17.41 एमएलडी
चूरट 3.17 एमएलडी
सियोग 0.71 एमएलडी
चैड़ 0.57 एमएलडी
कोटी बरांडी 5.31 एमएलडी
कुल 46.55 एमएलडी