संजौली में 1500 उपभोक्ताओं को मिल रहा था 24 घंटे पानी
विज्ञापन
अब बाकी वार्डाें की तरह की जाएगी पानी की आपूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के संजौली जोन में 24 घंटे पानी की योजना से जुड़े करीब 1500 उपभोक्ताओं को भी अब हफ्ते में छह दिन पानी मिलेगा। पेयजल कंपनी ने इस क्षेत्र की आपूर्ति में कट लगा दिया है। अब बाकी शहर की तरह इस डैमो जोन में भी छह दिन ही पानी दिया जाएगा।
शहरवासियों को 24 घंटे पानी देने की योजना के तहत इस क्षेत्र को कंपनी ने डैमो जोन बनाया है। यहां 1500 उपभोक्ताओं को नई पेयजल लाइनों से जोड़ा है। साथ ही इनमें नए मीटर भी लगाए हैं। पिछले कई हफ्ते से पेयजल कंपनी इस जोन में नियमित आपूर्ति दे रही थी लेकिन कोटी बरांडी परियोजना से पानी की आपूर्ति घटने के बाद शहर में पेयजल आपूर्ति का शेड्यूल गड़बड़ा गया था। खलीनी, पंथाघाटी और कसुम्पटी जैसे कई वार्डों तीसरे दिन पानी मिल रहा था।
लोग और पार्षद सवाल उठा रहे थे कि संजौली में 24 घंटे पानी दिया जा रहा है जबकि उनके वार्डों में तीसरे दिन आपूर्ति दी जा रही है। इसके बाद कंपनी ने नया पेयजल शेड्यूल बनाया है जिसमें हफ्ते में छह दिन सभी को पानी दिया जा रहा है। संजौली के डैमो जोन को भी इस शेड्यूल में ही शामिल किया है। कंपनी का दावा है कि अगले कुछ दिन में परियोजनाओं से आपूर्ति बढ़ने पर इस क्षेत्र में दोबारा 24 घंटे पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।