उज्ज्वला और गृहिणी सुविधा योजना के तहत एक अतिरिक्त निशुल्क रिफिल सिलिंडर अब उपभोक्ताओं को लोकसभा चुनाव के बाद ही मिलेगा। जयराम सरकार ने दोनों योजनाओं के लाभार्थियों को एक रिफिल सिलिंडर देने का एलान किया था, जो अब देश के आम चुनाव के बाद ही उपभोक्ताओं को मिलेगा।
अभी तक उज्ज्वला योजना के तहत लगभग 86 हजार और गृहिणी सुविधा योजना के तहत 53 हजार महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए हैं। अब दोनों योजना के लाभार्थियों को प्रदेश सरकार फिर से सिलिंडर भर कर देगी।
इसके लिए आगामी वर्ष के लिए जयराम सरकार ने लगभग 20 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित रखा है। उधर, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कांगड़ा नरेंद्र धीमान ने कहा कि अभी किसी भी उज्ज्वला और गृहिणी सुविधा योजना के लाभार्थी को एक अतिरिक्त रिफिल सिलिंडर देने के निर्देश नहीं मिले हैं। अब आगामी वित्त वर्ष में ही रिफिल सिलिंडर दिया जाएगा।