सूत्रों के मुताबिक अगले सप्ताह वर्दी खरीद के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। बीते साल टेंडर प्रक्रिया में शामिल कंपनियों को भी इसमें आवेदन करना होगा। समय की बचत करने के लिए इन कंपनियों के सैंपल दोबारा नहीं जांचे जाएंगे।
प्रक्रिया में शामिल होने वाली नई कंपनियों के सैंपल ही जांचे जाएंगे। फाइनेंशियल बिड नए सिरे से खुलेगी। शीतकालीन स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र फरवरी अंत में शुरू होगा। ऐसे में नया सत्र शुरू होते ही इन स्कूलों में वर्दी मिलने की उम्मीद बहुत कम है।
ग्रीष्मकालीन स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र अप्रैल महीने में शुरू होगा। ऐसे में विभागीय अधिकारियों ने अप्रैल तक वर्दी स्कूलों में पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। विद्यार्थियों को निशुल्क दी जाने वाली स्मार्ट वर्दी योजना का नाम भी सरकार ने बदल दिया है।
कांग्रेस सरकार के समय में महात्मा गांधी वर्दी योजना और मुख्यमंत्री वर्दी योजना नाम से वर्दी दी जाती थी। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होने के बाद योजना का नाम बदलकर अटल स्कूल वर्दी योजना रख दिया गया है।