प्रदेश के किसी भी हिस्से में अपनी निजी भूमि पर लगे पेड़ को काटने के लिए लोगों को अब वन विभाग के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। निजी भूमि पर पेड़ काटने की परमिशन के लिए सिर्फ एक क्लिक करना होगा।
विभाग के पोर्टल में जाकर लोग घर बैठे फीस जमा कर पेड़ काटने की मंजूरी ले सकेंगे। शनिवार को प्रदेश में पाए जाने वाले रीढ़ की हड्डी वाले जानवरों पर आधारित तीन दिवसीय कार्यशाला के समापन पर वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने इस पोर्टल का शुभारंभ किया।
इससे पहले वन्य प्राणी संस्थान, देहरादून, भारतीय जीवविज्ञान संस्थान, नेचर कंजरवेशन फाउंडेशन तथा वाइल्ड लाइफ कंजरवेशन सोसाइटी ऑफ इंडिया के वैज्ञानिकों ने रढ़ की हड्डी वाले जानवरों से संबंधित आधारभूत जानकारी जुटाने तथा भविष्य में वन्य प्राणी प्रभाग की ओर से इनके संरक्षण एवं प्रबंधन को रणनीति बनाने पर चर्चा की।
कार्यशाला के समापन पर वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि सभी मिलजुल कर अपने ज्ञान को साझा कर वन्य प्राणियों के संरक्षण को दीर्घकालीन कार्ययोजना का प्रारूप तैयार करें। उन्होंने दुख जताया कि पहले प्रदेश में भरपूर संख्या में कस्तूरा मृग, भूरे भालू एवं विभिन्न जंगली मुर्गे दिखाई देते थे, वे अब कम नजर आते हैं।
उन्होंने वैज्ञानिकों से आह्वान किया कि वे उनके संरक्षण को ठोस सुझाव दें। वन विभाग उन पर गंभीरता से काम करे। उन्होंने मानव तेंदुआ संघर्ष के अध्ययन और ऊना जिला में विभिन्न जानवरों की संख्या पर रिपोर्ट तथा वन्य प्राणी प्रभाग के दो पोस्टरों का भी विमोचन किया।
इसके अलावा वन विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा ट्री फेलिंगपरमिशन ऑनलाइन सुविधा का भी बटन दबाकर आरंभ किया। कहा कि लोग अब निजी भूमि से पेड़ काटने को ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदनों के निपटारे से लेकर फीस इत्यादि का ऑनलाइन भुगतान किया जा सकेगा। इस दौरान उच्च संस्थानों से आए वैज्ञानिकों के अतिरिक्त पीसीसीएफ हॉफ जीएस गोराया, पीसीसीएफ वन्यजीव आर सी कंग, पीसीसीएफ मैनेजमेंट एस के शर्मा आदि मौजूद रहे।
--