पीले और नीले रंग के विशेष आई कार्ड जल्द ही राज्य बिजली बोर्ड में कार्यरत अफसरों और कर्मचारियों की पहचान बनेंगे। बोर्ड प्रबंधन ने हजारों बिजली बोर्ड कर्मचारियों के आई कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कार्ड बनाने का खर्च बोर्ड प्रबंधन उठाएगा।
कर्मियों को कार्ड बनवाने के लिए अपनी दो फोटो देनी होंगी। नए पैटर्न से आई कार्ड बनाने के लिए विभागाध्यक्षों को आदेश जारी हो गए हैं। राज्य बिजली बोर्ड में 15 हजार से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। बीते लंबे समय से बोर्ड की इंप्लाइज यूनियन पहचान पत्र बनाने की मांग करती आई है।
तर्क दिया गया है कि सचिवालय सहित अन्य विभागों में कार्यरत कर्मचारियों की तरह बिजली बोर्ड कर्मियों के भी पहचान पत्र बनने चाहिए। फील्ड में काम करते समय कई बार पहचान पत्र न होने के चलते कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कर्मचारी बिजली बोर्ड में तैनात हैं, यह पहचान करवाना मुश्किल हो जाता है। बोर्ड प्रबंधन ने इस मांग पर विचार करने के बाद पहचान पत्र बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
कार्यकारी निदेशक कार्मिक कुमुद सिंह ने बताया कि सभी संबंधित अधिकारियों को पहचान पत्र बनाने का काम शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। एक फोटो पहचान पत्र पर लगाई जाएगी। दूसरी फोटो पहचान पत्र के रजिस्टर में लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों, अधिकारियों को पहचान पत्र अपने साथ रखना अनिवार्य होगा।