सिरमाैर जिले की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार की यात्रा पर जाने से पहले अब फिटनेस सर्टिफिकेट जरूरी कर दिया गया है। नौहराधार के रास्ते चूड़धार जाने के लिए पुलिस चौकी में पंजीकरण भी करवाना होगा। चूड़धार यात्रा के दौरान स्वास्थ्य बिगड़ने और कई यात्रियों के रास्ता भटकने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसी घटनाओं के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। अधिकतर श्रद्धालु नौहराधार के रास्ते ही चूड़धार की ओर रवाना होते हैं। नौहराधार से चूड़धार तक करीब 15 किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई वाला पैदल रास्ता तय करना पड़ता है। घना जंगल होने के कारण कई यात्री भटक जाते हैं। पुलिस और प्रशासन को रेस्क्यू करने में भारी मशक्कत करनी पड़ती है।