हिमाचल पर्यटन निगम के बड़े होटलों में सैलानियों को अब शीघ्र एटीएम सुविधा मिलेगी। इसके अलावा हमीरपुर स्थित होटल हमीर में अतिरिक्त कमरे जोड़े जाएंगे तथा इस कार्य के लिए होटल के समीप स्थित सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के पुराने भवन को होटल को सौंपा जाएगा।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अध्यक्षता में पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के निदेशक मंडल की बैठक में ये फैसले लिए गए है। इसके अलावा इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए किन्नौर जिले के सांगला के चांशू में प्री-फे ब्रिके टिड पर्यटन हट स्थापित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश में स्थापित पर्यटन विकास निगम के होटलों को व्यावसायिक संस्थानों के रूप में चलाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि निगम के होटलों को अपनी देनदारियां कम करनी चाहिए।
इस पर भी बनी सहमति
बैठक में कांगड़ा जिले के धर्मशाला स्थित होटल धौलाधार की पूर्ण फ्लोरिंग करने और यहां मरम्मत एवं जीर्णोद्धार के सभी कार्य पूरे करने का निर्णय भी लिया गया। मुख्यमंत्री ने उपयोगी कर्मियों के पद बढ़ाने और युक्तिकरण पर जोर दिया।
निदेशक मंडल ने इंटरनेट के माध्यम से विपणन की आवश्यकता पर बल देते हुए आनलाइन यात्रा पोर्टल के साथ समझौता करने को कहा। बैठक में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कनिष्ठ अभियंताओं की सेवाएं प्राप्त करने को स्वीकृति दी गई।