मकान के नक्शे पास करवाने के लिए शिमला शहर के लोगों को अब एमसी ऑफिस के बार बार चक्कर नहीं काटने होंगे। 31 मार्च तक नगर निगम मकानों के नक्शे ऑनलाइन पास करने की सुविधा शुरू कर देगा। शहरी विकास विभाग ने इसके लिए विशेष सॉफ्टवेयर तैयार किया है।
नगर निगम अपनी मांग के अनुरूप सॉफ्टवेयर में कस्टमाइजेशन करेगा। साफ्टवेयर बनाने वाली कंपनी 9 फरवरी को नगर निगम के समक्ष अपनी प्रेजेंटेशन भी देगी। शिमला में आनलाइन नक्शे पास करने की सुविधा शुरू करने के लिए मंगलवार को शहर विकास विभाग ने समय सीमा निर्धारित कर दी है।
नक्शा पास कराने की प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए नगर निगम ऑनलाइन सुविधा शुरू करने जा रहा है। मकान के नक्शे पास करवाने के लिए अभी लोगों को निगम कार्यालय के कई चक्कर काटने पड़ते हैं। नक्शे पास करवाने का काम बेहद पेचीदा है इसलिए लोगाें को भारी परेशानी भी झेलनी पड़ती है।
नक्शा पास कराने के लिए बनाई गई फाइल कई बार निगम कार्यालय में एक टेबल से दूसरी टेबल पर ही घूमती रहती है। फाइल में अगर कोई ऑब्जेक्शन लग जाए तो लोगों को कई महीने बाद इसका पता चलता है और ऑब्जेक्शन दूर करने में महीनों लग जाते हैं। ऑनलाइन नक्शे पास करने की सुविधा शुरू होने के बाद लोगों इन सभी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे लोग
मकानों के नक्शे पास करवाने के लिए अब शिमला के लोग ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। 31 मार्च से पहले शिमला में यह सुविधा शुरू करने की कोशिश की जाएगी।- पंकज राय, आयुक्त, नगर निगम शिमला
ऐसे करना होगा आवेदन
नक्शा पास करने के लिए नगर निगम की वेबसाइट पर लिंक दिया जाएगा। ऑन लाइन नक्शा पास करवाने के लिए एमसी एक्ट के तहत सभी जानकारियां देनी होंगी। अगर आधी अधूरी या गलत जानकारी दी गई तो वेबसाइट पर नक्शा पास करने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकेगी। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने के कारण निगम के संबंधित अधिकारी व कर्मचारी जानबूझ कर नक्शा पास करने में देरी भी नहीं कर सकेंगे।
ऑनलाइन पता लग जाएगा फाइल का स्टेटस
ऑन लाइन सुविधा शुरू होने के बाद लोग अपनी फाइल का स्टेटस भी ऑन लाइन ही जान सकेेंगे। फाइल कहां पहुंची है, क्या स्टेटस है इसकी पूरी जानकारी मिल जाएगी। इतना ही नहीं फाइल में कौन से ऑब्जेक्शन लगे हैं इसका भी ऑन लाइन पता लग जाएगा।
फीस भी ऑनलाइन ही होगी जमा
मकान के नक्शे ऑनलाइन पास करवाने के लिए लोग फीस भी आनलाइन ही जमा करवा सकेंगे। लोगों को नगर निगम के कैश काउंटर पर लंबी कतारोें में खड़े होने से छुटकारा मिल जाएगा।
ऑन लाइन नगर निगम को देनी होगी यह जानकारी
. शपथ पत्र
. साइट प्लान
. बिल्डिंग प्लान
. जमीन की रजिस्ट्री
. मालिक का नाम व पूरा पता
. नक्शा बनाने वाले आर्किटेक्ट के हस्ताक्षर व मुहर
. हाउस टैक्स की एनओसी
. डेवलपमेंट चार्ज