प्रदेश सरकार ने बीएड करने वालों को राहत दी है। अब प्रवेश परीक्षा में 35 फीसदी अंक लेने वाले छात्र भी बीएड कर सकेंगे। इससे पहले प्रवेश परीक्षा में 50 फीसदी अंक लेने वालों को ही बीएड में प्रवेश मिलता था।
बुधवार को मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई। अब बीएड में प्रवेश के लिए कट ऑफ 35 फीसदी कर दी गई है। प्रदेश सरकार के इस फैसले से निजी बीएड कालेजों को बड़ी राहत मिलेगी।
पहले इन कालेजों की आधी सीटें खाली रह जाती थी। निजी कालेज प्रबंधन बार बार इस मांग को प्रदेश सरकार के समक्ष उठा रहे थे। अतिरिक्त मुख्य सचिव पीसी धीमान के साथ भी निजी बीएड कालेज प्रबंधन की बैठक हुई थी।
इसमें एसीएस ने निजी कालेज प्रबंधन को मामला मुख्यमंत्री से उठाने का आश्वासन दिया था। वर्तमान प्रदेश में 70 निजी बीएड कालेज चल रहे हैं। बीएड को अब दो साल का कर दिया है। बीएड की सीटें मेरिट के आधार पर भरी जाएगी।