परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि धर्मशाला में प्रदेश सरकार के चार वर्ष के सफल कार्यकाल के जश्न की 24 दिसंबर की रैली के दौरान पास होने के बावजूद उन्हें मंच पर जाने से रोका गया। उन्हें मंच पर जाने से रोकने का मकसद और मंशा क्या थी, यह जांच का विषय है।
कांगड़ा में पत्रकार वार्ता के दौरान बाली ने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे पर राहुल गांधी के स्वागत के बाद वह स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स के साथ धर्मशाला चले गए, लेकिन जब वह मंच पर चढ़ने लगे तो एसपीजी अधिकारी गोस्वामी ने उन्हें यह कहकर रोक दिया कि उनका नाम लिस्ट में नहीं है।
उन्होंने उन्हें दोबारा लिस्ट चेक करने को कहा, लेकिन लिस्ट में नाम न होने की वजह से वह वापस नगरोटा बगवां आ गए। अब इस मामले में चूक कहां हुई है, इसकी जांच करवाई जानी चाहिए। रैली प्रदेश सरकार की थी। ऐसे में मंच पर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री को जगह न देने से जिला और नगरोटा की जनता के लिए इस सवाल का जवाब बेहद जरूरी है।