किसानों का कहना है कि यदि जल्द बारिश नहीं हुई तो गेहूं की पैदावार में भारी गिरावट आनी तय है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति और कमजोर होगी। पहले ही बीज, खाद और जुताई पर हजारों रुपये खर्च हो चुके हैं तथा अब फसल खराब होने का डर सताने लगा है। मशोबरा टुटू विकास खंड के कृषि विषयवाद विशेषज्ञ सुनील कुमार ने बताया कि टुटू और मशोबरा क्षेत्र में करीब 2300 हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की फसल की बिजाई होती है। इसमें करीब 70 फीसदी लोगों ने गेहूं की बिजाई कर दी है जबकि 30 फीसदी क्षेत्र में बिजाई करने के लिए किसान बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
बीज का खर्चा निकालना मुश्किल
सूखे की वजह से गेहूं और जौ की फसल खत्म हो चुकी है। इससे बीज का खर्चा निकालना भी मुश्किल हो जाएगा। इसके अलावा जो फसल बची है उसे जानवर खत्म कर रहे हैं। इससे साल का खर्चा निकालना तक मुश्किल हो जाएगा।
-श्याम शांडिल, जाठिया देवी, किसान
खेतों की सिंचाई तो दूर, पीने के लिए भी पानी नहीं
इस समय खेतों की सिंचाई तो दूर पीने के लिए भी पानी तीसरे दिन आता है। बारिश न होने से खेतों में भी दरारें पड़ना शुरू हो गई हैं। पहले गेहूं उगाकर बेचते थे अब तो खुद के लिए भी खरीदनी पड़ेगी।-राधा, मशोबरा किसान