वहीं गुप्ता स्वीट शॉप में पर्यटकों ने प्याज और आलू प्याज का परांठा आर्डर किया तो वेटर बोला सर आपको आलू परांठा, पनीर परांठा और मिक्स परांठा ही मिल पाएगा। प्याज वाले परांठे बनाना बंद कर दिए हैं। इसके बाद अमर उजाला की टीम लोअर बाजार पहुंची तो वहां चना समोसा खाने बैठे कर्मी ने एक ग्राहक के मांगने पर अतिरिक्त प्याज देने से मना कर दिया। मिडल बाजार के एक छोटे ढाबे में खाना परोसने की तैयारी चल रही है। कर्मी किशोरी लाल ने कहा कि जनाब दाल में प्याज नहीं डाल रहे।
आमलेट महंगा, पकौड़े से प्याज गायब
आमलेट खाने के शौकीन भी आजकल परेशान हैं। पहले जहां दो अंडों का आमलेट 30 रुपये में मिलता था अब 50 से 60 रुपये तक मिल रहा है। ऐसे में लोगों ने बाहर आमलेट खाना ही बंद कर दिया है। संतोष ने बताया कि जनाब प्याज के बगैर आमलेट का स्वादिष्ट नहीं बनता। प्याज के दाम बढ़ने से हमने 20 रुपये तक आमलेट के दाम बढ़ा लिए हैं।
चाइनिज डिश बनाने वाले रूपलाल ने कहा कि प्याज के दाम बढ़ गए हैं। बिना प्याज के चायनीज डिश नहीं बनती। इसलिए चायनीज डिश के रेट 15 रुपये तक बढ़ा दिए हैं। बर्गर पहले जहां 30 रुपये में मिलता था अब 35 से 40 रुपये में मिल रहा है। पकौड़े 250 रुपये किलो, चाऊमिन की प्लेट 80 रुपये, चना समोसा 70 रुपये तक की मिल रही है।
ढाबों में अब नहीं मिलता अतिरिक्त प्याज
चाट, पकौड़े और चना समोसे के दाम भी करीब 10 रुपये तक बढ़ गए हैं। दाम बढ़ने के साथ होटल कर्मचारी भी उपभोक्ता को अतिरिक्त प्याज नहीं दे रहे हैं। शर्मा भोजनालय के कर्मी किशोरी ने कहा कि प्याज के दाम बढ़ने से हमने खानोें में मसालों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। लोअर बाजार के होटल कर्मचारी अमिचंद ने कहा कि प्याज के दाम बढ़ने से चना समोसा भी दस रुपये महंगा हो गया है।
लोकल सब्जी मंडी में बढ़ी हरे प्याज की मांग
शहर की लोकल सब्जी मंडी लोअर बाजार में इन दिनों प्याज के बढ़ते दामों के चलते लोगों ने प्याज खरीदने से ही तोबा कर ली है। शुक्रवार को हरा प्याज आने से लोगों को काफी राहत मिली। इन दिनों जहां प्याज के दाम 120 से 150 तक है वहीं हरा प्याज 40 रुपये किलो ही है। सब्जी विक्रेताओं के मुताबिक अभी हरा प्याज बहुत कम आ रहा है लेकिन इसकी डिमांड अभी ज्यादा है। इन दिनों सब्जी मंडी में करीब 20 क्विंटल हरा प्याज पहुंच रहा है लेकिन यह दोपहर बाद तक खत्म हो जाता है। सब्जी मंडी के अध्यक्ष विशेश्वरनाथ ने कहा कि प्याज के दाम तो अभी लेट घटेंगे लेकिन हरा प्याज लोगों को काफी राहत दे रहा है।