एबी, ए पॉजिटिव समेत कई यूनिट की चल रही है कमी अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के चलते रक्तदान शिविर नहीं लग पाए हैं। इस कारण इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) के ब्लड बैंक में रक्त की कमी हो गई है।
विशेष ब्लड ग्रुप के यूनिट अस्पताल में कमी है। आईजीएमसी में एबी पॉजिटिव, ए पॉजिटिव, एबी नेगेटिव समेत अन्य ग्रुप का ब्लड काफी कम है। इस कारण प्लेटलेट्स और प्लाज्मा यूनिट की संख्या भी कम हो रही है। कैंप जल्द नहीं लगे तो अस्पताल में मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। हालांकि आईजीएमसी के इम्यूनोहेमेटोलॉजी और रक्त आधान विभाग की ओर से दावा किया जा रहा है कि कई जगहों में रक्तदान शिविर होने हैं। इससे रक्त की कमी नहीं आएगी। दूसरी ओर आईजीएमसी में विशेष ब्लड ग्रुप की कमी का संदेश व्हाट्सएप में सर्कुलेट हो रहा है। संदेश में लिखा है कि विशेष ब्लड ग्रुप जिसमें एबी पॉजिटिव समेत अन्य ग्रुप की आईजीएमसी में काफी आवश्यकता है और लोगों से रक्तदान करने का आग्रह किया है। बीते माह प्रदेश में शहरी और नगर निकायों के चुनाव थे। ऐसे में लोगों और संस्थाओं की अधिक व्यस्तता के चलते रक्तदान शिविर नहीं लग सके थे। कैंप न लगने के कारण अस्पतालों में रक्त यूनिट की संख्या में कमी आना शुरू हो गई थी। आईजीएमसी से सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में भी रक्त उपलब्ध करवाया जाता है। ऐसे में चमियाना अस्पताल प्रबंधन को भी रक्त की कमी की चिंता सता रही है।
प्लेटलेट्स की रहती है अधिक जरूरत
आईजीएमसी में प्लेटलेट्स की अधिक जरूरत रहती है। प्लेटलेट्स और प्लाज्मा काफी कम समय तक टिकते हैं। इसे केवल पांच दिन तक स्टोर किया जा सकता है। इस कारण अस्पताल में हमेशा नए रक्त की जरूरत होती है। नए रक्त से ही प्लेटलेट्स और प्लाज्मा बनाए जाते हैं, अगर कोई कमी आ जाए तो काफी परेशानी होती है।