हिमाचल प्रदेश सरकार को नीति आयोग को यह बताना होगा कि वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल के लिए क्या-क्या कदम उठाए गए हैं। नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल की अध्यक्षता में होने वाली आगामी बैठक में इसका ब्योरा देना होगा। यह बैठक चार नवंबर को प्रस्तावित है। इस संबंध में एक समग्र रणनीति बनाने पर नई दिल्ली से एक हाइब्रिड वर्चुअल बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें राज्य योजना, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। इस बैठक में वरिष्ठ नागरिकों और उनके देखभाल करने वालों के लिए स्वास्थ्य साक्षरता में सुधार और वृद्धावस्था स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने पर चर्चा होगी।