प्रो एचपीसीएल क्रिकेट लीग प्रतियोगिता के तीसरे दिन खेले गए तीन मुकाबले, बल्लेबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन
विज्ञापन
लकी ने 13 गेंदों में चार चौकों की मदद से बनाए 25 रन संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के पंथाघाटी के पास शिमला खेल मैदान में चल रही प्रो एचपीसीएल क्रिकेट लीग सीजन-4 प्रतियोगिता के तीसरे दिन तीन मुकाबले खेले गए। दिन के मुकाबलों में बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।
नाइट हॉक्स ने मंडी मार्वल्स को हराया जबकि शिमला रॉयल्स ने इंडियन सागा रॉयल्स और कानविल्स टाइटंस को मात दी। तीनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी टीमों के लिए अहम योगदान दिया और दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिला।
विज्ञापन
पहले मुकाबले में मंडी मार्वल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 126 रन बनाए। टीम की ओर से लकी ने 13 गेंदों में चार चौकों की मदद से 25 रन बनाए। ईश्वर ठाकुर ने 13 गेंदों में 20 रन, शुभम ठाकुर ने 19 गेंदों में 14 रन और क्रांति ने 19 गेंदों में 13 रन का योगदान दिया। गौरव नेगी ने भी 10 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाइट हॉक्स की टीम ने 13.4 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 130 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। टीम की ओर से सुनील ठाकुर ने 17 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाए। मयंक डागर ने 14 गेंदों में 24 रन, सनी ने 14 गेंदों में 23 रन और अमित जसवाल ने आठ गेंदों में 17 रन का योगदान दिया। नाइट हॉक्स ने चार विकेट से जीत दर्ज की।
दूसरे मुकाबले में शिमला रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। टीम की ओर से रिक्की ठाकुर ने 22 गेंदों में तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 38 रन बनाए। ऋषि धवन ने 15 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 30 रन बनाए। अक्षु ने 11 गेंदों में दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 29 रन बनाए। तनु ने नौ गेंदों में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रन, जबकि पंकज शर्मा ने 12 गेंदों में 18 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडियन सागा रॉयल्स की टीम 15 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 132 रन ही बना सकी। टीम की ओर से लकी ने 38 गेंदों में सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 60 रन की शानदार पारी खेली। निखिल पुंडीर ने सात गेंदों में चार छक्कों और एक चौके की मदद से 28 रन बनाए जबकि योगेश शर्मा ने 11 गेंदों में 17 रन का योगदान दिया। शिमला रॉयल्स ने 36 रन से मुकाबला जीत लिया।
तीसरे मुकाबले में शिमला रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए। टीम की ओर से ऋषि धवन ने 24 गेंदों में 32 रन, राहुल सेन ने 15 गेंदों में 26 रन और सूर्यभान ने 15 गेंदों में 18 रन बनाए।
गैरी ने 14 गेंदों में 13 रन, पंकज शर्मा ने पांच गेंदों में नौ रन और विक्की राणा ने चार गेंदों में नौ रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानविल्स टाइटंस की टीम 15 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 127 रन ही बना सकी। टीम की ओर से शुभम नेगी ने 21 गेंदों में 36 रन बनाए। रविंदर ने 21 गेंदों में 27 रन, पवन सिंह ने 13 गेंदों में 16 रन और हार्देव ने 20 गेंदों में 16 रन का योगदान दिया। शिमला रॉयल्स ने सात रन से जीत दर्ज की। आयोजन कमेटी के सदस्य स्वप्निल चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता के आगे बढ़ने के साथ ही मुकाबलों में रोमांच बढ़ता जा रहा है।