एचआरटीसी ने शहर के लोगों को होली की बड़ी सौगात दी है। सोमवार से शहर में नाइट बसें दौड़ेंगी। लगभग पूरे शहर को कनेक्ट किया गया है। शुरूआत में तीन बसें चलेंगी। रिस्पांस अच्छा रहा तो रूट बढ़ भी सकते हैं। आईएसबीटी से सर्कुलर रोड, ढली और मैहली रूटों पर पूरी रात बसें चलाई जाएंगी। रात के समय आवाजाही के लिए शहर के लोगों को अब न तो टैक्सी वालों के हाथों लूटना होगा और न ही जान खतरे में डाल कर पैदल सफर करना होगा।
राजधानी शिमला में पहली बार एचआरटीसी प्रबंधन नाइट बस सर्विस शुरू करने जा रहा है। जेएनएनयूआरएम-2 के तहत शहर को मिली नई मिडी बसें पूरी रात शहर की सड़कों पर चलेंगी। रात के समय एक घंटे के अंतराल में लोगों को शहर के सभी प्रमुख क्षेत्रों के लिए बसें उपलब्ध होंगी।
एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक देवासेन नेगी ने बताया कि ट्रायल के तौर पर सोमवार से 15 दिनों के लिए तीन बसें पूरी रात आईएसबीटी-सर्कुलर रोड, ढली और मैहली रूटों पर चलेंगी। नाइट बस सर्विस को अच्छा रिस्पांस मिलने पर इन रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। यदि रिस्पांस अच्छा नहीं मिलता त्रो भी देर रात 12 बजे तक और सुबह 4 बजे से बसों का संचालन किया जाएगा।
सोमवार से शुरू होगी सर्विस : डा. बत्ता
राजधानी में सोमवार से नाइट बस सर्विस शुरू करने का फैसला लिया गया है। नाइट सर्विस के तौर सर्कुुलर रोड पर तीन बसें चलेंगी। बसें आईजीएमसी को भी कनेक्टिविटी देंगी। अच्छा रिस्पांस मिला तो नाइट बसों के रूट बढ़ाए जाएंगे।
- डा. आरएन बत्ता, प्रबंध निदेशक, एचआरटीसी
आईजीएमसी गेट तक कनेक्टिविटी देंगी नाइट बसें
सर्कुलर रोड पर चलने वाली एचआरटीसी की नाइट बस सर्विस इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज के गेट तक कनेक्टिविटी देंगी। हर एक घंटे बाद आईएसबीटी से ओल्ड बस स्टैंड होेते हुए नाइट बस आईजीएमसी गेट पर पहुंचेगी। एचआरटीसी की इस पहल से आईजीएमसी आने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। रात के समय लोग टैक्सी वालों के हाथों लूटने से बचेंगे।