हिमाचल पुलिस महानिदेशक डॉ. अतुल वर्मा
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के चलते नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक डाॅ. अतुल वर्मा ने गुरुवार को जिला अधीक्षकों के साथ वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग कर दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में अधीक्षकों से मुख्य समस्याओं के बारे में भी जानकारी हासिल की। करीब 12:00 बजे यह बैठक शुरू हुई। इसमें राष्ट्रपति दौरे को लेकर पुलिस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। डीजीपी डॉ. वर्मा ने कहा कि प्रदेश में नशे के बाद साइबर क्राइम से निपटने पर भी उनका फोकस रहेगा। ठगी यहां होती है, लेकिन अपराधी बाहरी राज्यों में होते हैं।
एक वर्ष में 60 हजार के करीब शिकायतें मिलती हैं। इस पर ध्यान देना आवश्यक है। नई जिम्मेदारी उनके लिए अवसर के साथ चुनौती भी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सबसे सुरक्षित राज्य है। देश में हिमाचल एक ऐसा राज्य है, जहां महिलाएं पब्लिक ट्रांसपोर्ट में अकेले सफर करती हैं। हिमाचल में महिला अपराध के कुछ मामले सामने आए हैं, उनमें गहनता से जांच की जा जारी है। डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में मादक द्रव्यों की तस्करी एक बड़ा मामला है। सीआईडी में रहते उन्होंने अधिकारियों के साथ मिलकर नारकोटिक्स की समस्या से निपटने के लिए रणनीति बनाई है। ऐसे में नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने के साथ-साथ ट्रीटमेंट व रिहेबिलिटेशन पर फोकस किया गया है।