रिवहन मंत्री जीएस बाली ने एचआरटीसी बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को नए साल पर सौगात दी है। 15 जनवरी से 31 मार्च 2017 तक प्रदेश के कई रूटों पर संचालित वोल्वो बसों के किराये में पंद्रह फीसदी की कमी की गई है। कुछ रूटों पर चलने वाली एसी टेंपो ट्रेवलर के किराये में भी कमी की गई है।
मीडिया से बातचीत में बाली ने बताया कि किराये में यह छूट मैकलोडगंज से हरिद्वार, मनाली से हरिद्वार, मैकलोडगंज से दिल्ली, चिंतपूर्णी से दिल्ली और ज्वालाजी से दिल्ली के बीच संचालित वोल्वो में मिलेगी। धर्मशाला से चंडीगढ़, मनाली से चंडीगढ़ और
शिमला से चंडीगढ़ के बीच चलने वाली टेंपो ट्रेवलर के किराये में भी कमी की गई है। पहले इन टेंपो ट्रेवलर का किराया वोल्वो बसों के किराये के बराबर था, अब सामान्य बस से पचास फीसदी ज्यादा किराया लिया जाएगा। बाली ने बताया कि इन बसों के बाद अगर जरूरी हुआ तो अन्य रूटों पर भी छूट का प्रावधान किया जाएगा।
बाली ने सीएम पर छोड़ी मंच पर न चढ़ने देने की जांच
धर्मशाला में हुई राहुल गांधी की रैली के मंच पर रोके जाने के मामले में परिवहन मंत्री जीएस बाली ने यू टर्न ले लिया है। शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा- मंच पर चढ़ने से रोके जाने का मामला बड़ा मुद्दा नहीं है। कहा कि यह मामला उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर छोड़ दिया है।
चुटीले अंदाज में कहा कि 2017 में जनता के बीच जाने के लिए मंच पर चढ़ना जरूरी नहीं है। बिना मंच पर जाए ही वे जनता के बीच जाना पसंद करेंगे। बाली ने कहा कि सीएम और हम हर कदम पर साथ हैं। अभी तक सीएम से विस्तार से इस बारे में बात नहीं हो सकी है। उम्मीद है कि उन तक मेरी बात जरूर पहुंच चुकी है। उम्मीद है कि वे जरूरी कदम जरूर उठाएंगे।
निजी वोल्वो के अवैध संचालन पर बाली ने खड़े किए हाथ
अवैध वोल्वो बसों के संचालन पर खुद सर्जिकल स्ट्राइक करने वाले परिवहन मंत्री जीएस बाली ने अब इन बसों के संचालन पर हाथ खड़े कर दिए हैं। यही नहीं, अब अवैध वोल्वो बसों का संचालन रोकने को बाली मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मुलाकात करने की तैयारी में हैं। इस दौरान वे विभाग के कामकाज का रिव्यू करने की गुजारिश करेंगे।
दूसरे विभागों से न मिलने वाले सहयोग पर भी चर्चा करेंगे। शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में बाली ने बसों के अवैध संचालन जारी रहने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कहा कि एक मंत्री के तौर पर तो उन्होंने पहला कदम उठाया, लेकिन बाकी जगहों पर तो वह खुद नहीं जा सकते।
जाहिर है अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य विभागों को भी अपने काम को निभाना चाहिए। कहा कि प्रदेश को दुरुस्त करने के लिए वे अकेले कुछ नहीं कर सकते। मुलाकात के बाद वह सीएम से विभागों के काम कामकाज की समीक्षा करने की मांग करेंगे। कुछ समय पहले परिवहन मंत्री जीएस बाली ने खुद रात में औचक निरीक्षण कर प्रदेशभर के कई इलाकों से अवैध वोल्वो बसों को पकड़ा था।
इसके बाद उन्होंने अपने विभाग के नाकारा अफसरों को फटकार लगाने के साथ ही कार्रवाई भी की थी। वहीं, पुलिस विभाग को भी अवैध बसों के संचालन को रोकने के लिए पत्र लिखा था, लेकिन उनके पत्र लिखने के बाद भी पुलिस अवैध बसों के संचालन पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है।
युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का पक्षधर हूं: बाली
परिवहन मंत्री जीएस बाली ने युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने के सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के चुनाव घोषणा पत्र के वायदे को पूरा करने की बात कही है। बाली ने यह बात शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की ओर से कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र 58 से 60 करने का मामला कैबिनेट पर ले जाने की बात पर पूछे गए एक सवाल पर कही।
कहा कि वह पहले भी युवाओं को नौकरी और बेरोजगारी भत्ता देने के पक्षधर रहे हैं और आज भी हैं। कहा कि चुनाव घोषणा पत्र के इस वायदे को इसी सरकार की ओर से जल्द पूरा करवाया जाएगा। बाली ने कहा कि रिटायरमेंट की उम्र बढ़ाने के विरोधी है या पक्ष में, इसका जवाब कैबिनेट की बैठक देंगे। कहा कि युवाओं को स्किल डेवलपमेंट देने के साथ भत्ता भी दिया जाएगा। अब तक उनके विभागों में करीब तीन हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार मुहैया कराया है।