आयरन और प्रोटीन जैसे पोषक तत्वों से भरपूर मशरूम अब आपकी बंद पड़ी दिमाग की नसें खोलने के साथ-साथ याददाश्त भी बढ़ाएगी। राष्ट्रीय खुंब अनुसंधान केंद्र सोलन के वैज्ञानिकों ने औषधीय गुणों से भरपूर मशरूम की नई किस्म तैयार की है। यह मशरूम आपके नर्वस सिस्टम को बिगड़ने नहीं देगी और दिमाग की नसों को खोलने सहित भूलने की बीमारी भी दूर करेगी।
विशेषज्ञों ने इस मशरूम को हिरेशियम नाम दिया है। मशरूम की इस नई प्रजाति को तैयार करने में करीब पांच वर्ष का समय लगा है, जिसके बाद अब खुंब अनुसंधान निदेशालय (डीएमआर) को सफलता मिली है। इस प्रजाति को जल्द मार्केट में उतारने की तैयारी है। वहीं इस मशरूम को तैयार करने के लिए अनुसंधान केंद्र में किसानों को प्रशिक्षण भी देना शुरू कर दिया है।
सोलन से प्रशिक्षण लेकर वर्तमान में बिहार राज्य में किसानों ने इसका उत्पादन भी शुरू कर दिया है। डीएमआर सोलन के विशेषज्ञ वहां के किसानों को प्रशिक्षित कर रहे हैं। डीएमआर सोलन के निदेशक वीपी शर्मा ने बताया कि हिरेशियम मशरूम का प्रशिक्षण सफल रहा है। अब अनुसंधान केंद्र में भी प्रदेश के किसानों को इसका प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
ऐसे तैयार होगी मशरूम
पहले इस मशरूम को सिर्फ लकड़ी के बुरादे पर ही तैयार किया जा रहा था, लेकिन अब भूसे पर तैयार करने का भी सफल प्रशिक्षण डीएमआर ने कर लिया है।
ये पोषक तत्व हैं मौैजूद
डीएमआर के वैज्ञानिक डॉ. सतीश शर्मा ने बताया कि मशरूम की हिरेशियम प्रजाति औषधीय गुणों से भरपूर है। इसमें बीटागम ग्लॉकन, साइकेन और हरेशीमॉन तत्व पाया जाता है, जो दिमाग की नसों के लिए फायदेमंद होता है। इससे इंसान की सोचने की शक्ति बढ़ती है।