देश भर के सरकारी अस्पतालों में अब पुरानी दवाओं को हटाकर नई दवाओं से मरीजों का इलाज किया जाएगा। सरकारी अस्पतालों में बुखार में इस्तेमाल होने वाली, विटामिन सहित कई अन्य दवाओं को बदल दिया गया है। भारत सरकार ने 70 पुरानी दवाओं को राष्ट्रीय आवश्यक दवा सूची से हटाकर 106 नई दवाओं को शामिल किया है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।
पुरानी दवाओं को उनकी गुणवत्ता, लागत आदि तमाम बातों को ध्यान में रखकर हटाने की बात की गई है। मंत्रालय के संयुक्त सचिव केएल शर्मा की ओर से जारी की गई इस अधिसूचना के मुताबिक भारत सरकार के स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सचिव डॉ. वीएम कटोच की अध्यक्षता में बनाई गई कमेटी ने राष्ट्रीय आवश्यक दवा सूची 2011 को संशोधित करने की सिफारिश की।
इस कमेटी की रिपोर्ट 9 दिसंबर 2015 को मंत्रालय को मिली है। इस कमेटी की सिफारिश को भारत सरकार ने अपना लिया है। इसी के साथ नई राष्ट्रीय आवश्यक दवा सूची 2015 अधिसूचित की गई है। 23 दिसंबर 2015 को जारी की गई इस अधिसूचना को तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया है।