सूबे के स्वास्थ्य विभाग में हाल ही में तैनात नए चिकित्सकों को प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी नहीं है। इस कारण स्वास्थ्य विभागों को अब जिला स्तर पर कार्यशालाओं को आयोजन करना पड़ रहा है। इन कार्यशालाओं में स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी विशेष रूप से शिरकत कर रहे हैं।
इसी कड़ी में कांगड़ा जिला मुख्यालय धर्मशाला में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें जिले की पीएचसी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नागरिक अस्पतालों में तैनात चिकित्सकों ने भाग लिया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक बीएम गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उन्होंने सबसे पहले जिले में स्वास्थ्य योजनाओं के कार्य की समीक्षा रिपोर्ट ली। उसके बाद प्रदेश और केंद्र सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में बीएमओ, एमओ और नए चिकित्सकों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी, ताकि हर योजना का आम व्यक्ति को लाभ मिल सके।
उधर, स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक बीएम गुप्ता ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार की योजनाओं की नए चिकित्सकों को पूरी तरह जानकारी नहीं रहती है। इसके लिए कार्यशालाओं का आयोजन जिला स्तर पर किया जा रहा है। कार्यशाला में निदेशक और संयुक्त निदेशक स्तर के अधिकारी विशेष रूप से भाग ले रहे हैं।