कांग्रेस के नए जिलाध्यक्षों की तैनाती 30 नवंबर के बाद होगी। हाईकमान के निर्देश पर दिल्ली के रामलीला मैदान में हो रही भारत बचाओ रैली के बाद जिलाध्यक्षों की सूची जारी की जाएगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश के पांच जिलों में नए कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति हो सकती है। अन्य जिलों में पुराने अध्यक्षों से ही काम चलाया जाना है।
हाईकमान के जारी कार्यक्रम के अनुसार हिमाचल के सभी जिला मुख्यालयों और प्रदेश स्तर पर राजधानी शिमला में केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों का विरोध करने के लिए आंदोलन किए गए। इस कारण जिलाध्यक्षों की तैनाती में विलंब हुआ। हाईकमान ने प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर और नेता प्रतिपक्ष मुकेेश अग्निहोत्री को पिछले दिनों दिल्ली तलब किया था। प्रदेश कांग्रेस से जुड़े मसलों पर एआईसीसी महासचिव केस वेणुगोपाल ने विस्तार से चर्चा की है।
प्रदेश के साठ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की तैनाती पहले ही की जा चुकी है। विवादित ब्लॉकों में अध्यक्षों की तैनाती का मामला लटका हुआ है। अब जिला कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्षों की तैनाती की जानी है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर कहते हैं कि हाईकमान के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस फिलहाल दिल्ली रामलीला मैदान में 30 को होने वाली भारत बचाओ रैली की तैयारी में जुटी है। इस रैली के बाद ही नए जिलाध्यक्षों की तैनाती की जानी है।