कोरोना वायरस की चुनौतियों के बीच हिमाचल प्रदेश में एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस (एच5एन1) नाम के नए वायरस ने चिंताएं बढ़ानी शुरू कर दी हैं। यह वायरस संक्रमित पक्षियों और इंसानों दोनों के लिए बहुत खतरनाक है। ऐसे में विशेषज्ञों ने इससे बचाव के लिए सतर्क रहने और सामान्य लक्षण नजर आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करने की हिदायत दी है।
मनुष्य में इस तरह फैलता है फ्लू
विशेषज्ञों की मानें तो सामान्य तौर पर वायरस इंसान में संक्रमित पक्षी या मुर्गे के बेहद निकट रहने से फैलता है। मुर्गे से किसी तरह भी संपर्क होने से वायरस मनुष्य को अपनी चपेट में ले सकता है। इंसानों में बर्ड फ्लू का वायरस आंख, नाक और मुंह के जरिये प्रवेश करता है।
इस तरह करें बचाव
विशेषज्ञों ने संक्रमित पक्षियों से दूर रहने की सलाह दी है। मरे हुए पक्षियों से बिलकुल दूरी बनाने को कहा है। लोगों को नॉनवेज खाने से भी परहेज करने को कहा है। संक्रमण वाले क्षेत्र में जाने से बचाव करने को भी विशेषज्ञों ने प्राथमिकता दी है। सामान्य लक्षण नजर आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य जांच करवाने को कहा है।